महाराजगंज के कोठीभार थाने के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह का एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में इंस्पेक्टर गुस्से में कार्यकर्ताओं से भिड़ते नजर आ रहे हैं और यहां तक कह देते हैं कि “ऐसी नौकरी की ऐसी की तैसी करता हूं, इस्तीफा देकर चला जाऊंगा।”
विवाद की वजह
जानकारी के मुताबिक, कोठीभार क्षेत्र के बिसोखोर गांव में मंदिर से जुड़ा आयोजन हर तीन साल पर होता है। इस बार चंदा इकट्ठा करने के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि हरिजन बस्ती के कुछ लोगों ने न केवल चंदा देने से इनकार किया, बल्कि धार्मिक भावनाओं पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इसी को लेकर बजरंग दल कार्यकर्ता थाने पहुंचे और ईसाई मिशनरियों के हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।
थाने के अंदर कार्यकर्ताओं और इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान इंस्पेक्टर का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने सबके सामने नौकरी छोड़ने तक की बात कह दी। वीडियो में यह भी दिखा कि पुलिस कर्मी बजरंग दल कार्यकर्ताओं को थाने से बाहर करने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने धर्मांतरण से जुड़े आरोपों पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है, बल्कि शांति भंग की धारा में चालान कर कार्रवाई की है। हालांकि इंस्पेक्टर का यह वीडियो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और विभागीय स्तर पर भी इसकी समीक्षा की जा रही है।