उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां यूपी पुलिस में तैनात एक हेड कांस्टेबल ने अपनी पत्नी को परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कथित रूप से जिंदा जलाने की कोशिश की। पीड़िता फिलहाल दिल्ली के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
ये है मामला
घटना थाना डिडौली क्षेत्र के गांव नारंगपुर की है, जहां सिपाही देवेंद्र अपनी पत्नी पारुल और परिवार के साथ रहता था। पारुल एक नर्स है और 13 साल पहले उसकी शादी देवेंद्र से हुई थी। दोनों के दो जुड़वा बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि देवेंद्र हाल ही में बरेली ट्रांसफर हुआ था और छुट्टी पर घर आया हुआ था। इसी दौरान मंगलवार को पारुल को आग के हवाले कर दिया गया।
पीड़िता के परिवार वालों का आरोप है कि दहेज को लेकर पारुल को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। जब उनकी बेटी को जलाए जाने की खबर मिली तो वे मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले गए। पारुल करीब 90% तक झुलस चुकी है, जिसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत बिगड़ने पर दिल्ली रेफर किया गया।
ससुरालीजन के खिलाफ केस दर्ज
पीड़िता के भाई कपिल सिंह की तहरीर पर डिडौली कोतवाली में देवेंद्र समेत छह लोगों – सास, देवर और अन्य पर दहेज उत्पीड़न व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी देवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। मुख्य आरोपी का यूपी पुलिस में सिपाही होना, इस घटना को और भी शर्मनाक बना देता है।