सोमवार दोपहर सुल्तानपुर में एक भावुक और चौंकाने वाला नज़ारा देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर एक महिला अपनी छह महीने की बेटी को लेकर सड़क पर बैठ गई और जोर-जोर से रोते हुए अपने पति पर धोखा देने के आरोप लगाने लगी। महिला का कहना था कि उसका पति—जो कि यूपी 112 में तैनात सिपाही है—किसी और महिला से संबंध में है और सारा वेतन उसी पर खर्च करता है।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक, महिला की पहचान कुड़वार निवासी वर्षा के रूप में हुई है। उसने बताया कि उसका पति बल्दीराय में तैनात है और मूल रूप से रायबरेली के ऊंचाहार का रहने वाला है। महिला का आरोप था कि उसका पति उसे और बच्ची को न इलाज के पैसे देता है, न खाना-पानी का ठीक से ख्याल रखता है।
यहां तक कि जब उसने विरोध किया तो पति ने मारपीट भी की और तलाक देने की धमकी दी। मायूसी और गुस्से में महिला ने आधा वेतन दिलाने की मांग करते हुए परिसर के भीतर जाकर एक पेड़ से फंदा लगाने की कोशिश की।
हालांकि समय रहते महिला पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और किसी तरह शांत कर महिला थाने पहुंचाया गया। वहां अधिकारियों की कोशिशों से पति-पत्नी के बीच बातचीत कराई गई और दोनों के बीच समझौता हो गया। करीब आधे घंटे तक एसपी ऑफिस के बाहर यह ड्रामा चलता रहा।
कराया गया समझौता
इस पूरे मामले की जांच महिला थानाध्यक्ष हंसमती को सौंपी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर समाधान निकाल लिया गया है।