स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) प्रयागराज ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतापगढ़ के दो वांछित भाइयों को रविवार को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और ये आठ महीने से फरार चल रहे थे।
इस मामले में थे फरार
सीओ एसटीएफ शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जुनैद अहमद और परवेज अहमद के रूप में हुई है। दोनों प्रतापगढ़ के मानधाता थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। 26 दिसंबर 2024 को मानधाता के शिवरा गांव में हुए हत्याकांड में इनकी तलाश की जा रही थी।
नागपुर में जाकर थे छिपे
हत्या के बाद से दोनों भाई प्रतापगढ़ छोड़कर नागपुर में छिपे हुए थे। सूचना जुटाने के बाद एसटीएफ ने वहां दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में जुनैद अहमद ने स्वीकार किया कि उसने रंजिशन वारदात को अंजाम दिया था।
उसका आरोप है कि वर्ष 2005 में जलनिकासी विवाद को लेकर उसके पिता जुबैर की हत्या मृतक शमीम अहमद व अन्य लोगों ने कर दी थी। उसी का बदला लेने के लिए दिसंबर 2024 में शमीम अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई।