लखनऊ। उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के. सत्यनारायण ने समय से पहले सेवा से निवृत्ति लेने का फैसला किया है। 1998 बैच के यह अधिकारी वर्तमान में एडीजी ट्रैफिक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने शासन को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के लिए आवेदन भेजा है।
दो वर्ष पहले छोड़ रहे नौकरी
सामान्य तौर पर उनका कार्यकाल अक्टूबर 2027 तक निर्धारित था, लेकिन उन्होंने तय समय से लगभग दो वर्ष पहले ही नौकरी छोड़ने का मन बना लिया है। इस अप्रत्याशित निर्णय के पीछे कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। हालांकि, विभागीय सूत्रों के अनुसार, उन्होंने अपने आवेदन में निजी कारणों का हवाला दिया है।
कौन हैं IPS सत्यनारायण
सत्यनारायण मूल रूप से आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं और यूपी पुलिस सेवा में उनकी गिनती एक अनुशासित और तेज-तर्रार अफसर के रूप में होती रही है। उनके वीआरएस के फैसले ने पुलिस महकमे में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दिया है।
कुछ इसे अचानक और चौंकाने वाला कदम मान रहे हैं, वहीं कुछ का मानना है कि यह निर्णय लंबे समय से उनके मन में था, जिसे अब उन्होंने अमल में लाया है। वर्तमान में, सत्यनारायण की वीआरएस अर्जी प्रक्रिया के अधीन है। शासन द्वारा मंजूरी दिए जाने के बाद ही उन्हें औपचारिक रूप से सेवा से मुक्त किया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि प्रक्रिया पूरी होने तक वह अपने पद पर बने रहेंगे।