आगरा। भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाके सुभाष बाजार की सुरक्षा अब और पुख्ता हो गई है। मंगलवार को पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने यहां स्थापित अत्याधुनिक एआई कैमरा प्रणाली का शुभारंभ किया। चौकी को पूरी तरह डिजिटल निगरानी से जोड़ा गया है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत अलर्ट मिल सकेगा।
होगी निगरानी
सुभाष बाजार में रोजाना हजारों की संख्या में लोग आते-जाते हैं। जामा मस्जिद और मनःकामेश्वर मंदिर के मार्ग भी यहीं से गुजरते हैं। इसी कारण यहां हमेशा भीड़ रहती है और जुलूस निकलते रहते हैं। कुछ समय पहले इसी इलाके में एक युवक ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी, जिसे सीसीटीवी से पकड़ लिया गया था। उसी अनुभव के बाद यहां एआई तकनीक आधारित कैमरे लगाए गए हैं।
कैसे काम करेंगे कैमरे?
* सभी प्रमुख रास्तों और धार्मिक स्थलों के पास कैमरे लगाए गए हैं।
* कैमरे एआई और फेस रिकग्निशन तकनीक से लैस हैं।
* एक बार किसी व्यक्ति का चेहरा रिकॉर्ड हो गया तो उसकी पहचान सिस्टम से मैच कर ली जाएगी।
* अपराधियों का डाटा इसमें पहले से फीड रहेगा, ताकि उनकी गतिविधियों पर तुरंत नज़र रखी जा सके।
* त्रिनेत्र 2.0 और पहचान एप से इन कैमरों को जोड़ा गया है।
इन कैमरों की खासियत है कि भीड़ के बीच अचानक किसी संदिग्ध की हरकत या असामान्य गतिविधि होते ही पुलिस को अलर्ट मिल जाएगा। इसके साथ ही ट्रैफिक नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। चौकी पर एक नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जहां पुलिसकर्मी लगातार लाइव फीड पर नजर रखेंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
सुभाष बाजार चौकी पर हुई शुरुआत के मौके पर अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह, डीसीपी और एसीपी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन श्री रामस्वरूप सिंघल गर्ल्स इंटर कॉलेज में भी किया गया, जहां क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।