लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह चौकस हो गई हैं। डीजीपी राजीव कृष्ण ने बुधवार को सभी जिलों के पुलिस बल को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को होने वाले राष्ट्रीय पर्व के साथ-साथ जन्माष्टमी के धार्मिक आयोजनों को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीजीपी ने आदेश दिया कि तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी, झांकी, शोभायात्रा और अन्य कार्यक्रमों की सूची बनाकर वहां पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएं। एंटी-सैबोटाज चेकिंग के साथ, कार्यक्रम स्थलों के प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष सुरक्षा इंतज़ाम किए जाएंगे।
भीड़भाड़ वाले इलाकों पर पैनी नजर
सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी जिलों के प्रवेश द्वारों, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, बस अड्डे, एयरपोर्ट, सिनेमाघर, मल्टीप्लेक्स, शॉपिंग मॉल, होटल, धर्मशालाएं और धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सभी सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया है।
डीजीपी ने खास तौर पर माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट, पैराग्लाइडर, हैंगग्लाइडर, ड्रोन और अन्य मानव रहित विमानों की उड़ानों पर निगरानी रखने और उन्हें प्रतिबंधित करने को कहा है।
उन्होंने सभी पुलिस इकाइयों को निर्देश दिया कि प्रतिबंधित और आतंकी संगठनों की गतिविधियों पर गहन निगरानी रखी जाए। सीमावर्ती जिलों में संदिग्ध व्यक्तियों और संगठनों की गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं।
जन्माष्टमी आयोजनों के लिए भी सुरक्षा तैयारी
चूंकि स्वतंत्रता दिवस के तुरंत बाद जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा, इसलिए डीजीपी ने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक और सुरक्षा प्रबंधन के लिए भी योजना बनाने को कहा है। सभी धार्मिक शोभायात्राओं और जुलूसों की वीडियोग्राफी कराने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने साफ किया कि यह सुरक्षा कवच केवल दिखावे के लिए नहीं, बल्कि वास्तविक खतरे को टालने के लिए है। उनका संदेश साफ है—“स्वतंत्रता दिवस का जश्न शांति, सुरक्षा और सम्मान के साथ मनना चाहिए।”