उत्तर प्रदेश पुलिस के महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में उत्तर प्रदेश कैडर के 2024 बैच के 19 आईएएस प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशासनिक सेवा के नवागंतुकों को पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था और समन्वित प्रशासन के महत्व पर अपने अनुभव साझा किए।
डीजीपी ने कहा ये
डीजीपी ने कहा कि वर्तमान समय में बेहतर शासन और जनहित में कार्य करने के लिए पुलिस और सिविल प्रशासन के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भूमि विवादों के शीघ्र और पारदर्शी समाधान पर जोर देते हुए कहा कि इनसे जुड़े अधिकतर तनाव और कानून-व्यवस्था की स्थिति आपसी संवाद और तत्पर कार्रवाई से रोकी जा सकती है।

उन्होंने विशेष रूप से साइबर अपराध की बढ़ती चुनौती को रेखांकित किया और बताया कि डिजिटल युग में तकनीकी साक्षरता और साइबर सुरक्षा दोनों ही प्रशासनिक अधिकारियों के लिए अनिवार्य हो गए हैं। प्रशिक्षुओं ने भी पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण प्रश्न किए, जिनका डीजीपी ने व्यावहारिक उदाहरणों के साथ उत्तर दिया।

जताया विश्वास
राजीव कृष्ण ने इन युवा अधिकारियों को भावी प्रशासक के रूप में उत्तरदायी, संवेदनशील और सुधारोन्मुख दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि ये अधिकारी प्रदेश में सुशासन और जनविश्वास की नई मिसाल कायम करेंगे। यह संवाद उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा है।