कानपुर में सुबह-सुबह पुलिस की बड़ी रेड, 150 जवानों ने घेरा, ड्रोन से रखी नजर

Share This

 

कानपुर में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने रविवार को तड़के बड़ा ऑपरेशन चलाया। किदवई नगर थाना क्षेत्र के कजड़नपुरवा बस्ती में डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी खुद फोर्स के साथ पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया।

ये है मामला 

सुबह करीब 5 बजे जब लोग नींद में थे, तभी पांच थानों की पुलिस ने अलग-अलग गलियों से बस्ती में दबिश दी। करीब 150 पुलिसकर्मियों ने एक साथ कार्रवाई की, जिसमें 50 सब इंस्पेक्टर, 80 जवान और 24 महिला कांस्टेबल शामिल थीं।

पुलिस ने इस बार ड्रोन का भी इस्तेमाल किया। आसमान से पूरे मोहल्ले की निगरानी की जा रही थी, ताकि कोई संदिग्ध छत से भाग न सके या सामान फेंक न दे। एक-एक कर 60 से 70 घरों को खंगाला गया।

रेड के दौरान तीन तस्कर हत्थे चढ़े। पुलिस ने सागर, अरमान और अंजली को गिरफ्तार किया है। तलाशी में 11 किलो गांजा मिला है। इसके अलावा कुछ और लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।

डीसीपी ने दी जानकारी 

डीसीपी ने बताया कि काफी दिनों से इस इलाके में गांजा और नशे के सामान की बिक्री की सूचना मिल रही थी। लोकल लोगों ने भी शिकायत की थी। इसी पर ये जॉइंट ऑपरेशन प्लान किया गया। आरोपियों से पूछताछ में उनके पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *