लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, छोटे कद के कार्यकर्ता को गोद में उठाकर बस में ले गई पुलिस, वीडियो वायरल

Share This

 

लखनऊ: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी कर रहे थे। पोस्टर पर लिखा था- गुस्से में है सारा देश, इस्तीफा दे दो ज्ञानेश।

इसलिए उतरे थे सड़कों पर

सपा कार्यकर्ता सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़क पर उतरे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और बस से ईको गार्डन भेज दिया। इसी दौरान एक वाकया हुआ जो अब चर्चा का विषय बन गया है।

प्रदर्शन में एक छोटे कद के अधेड़ सपा कार्यकर्ता भी शामिल थे। वह भी जोर-शोर से नारेबाजी कर रहे थे। जब पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को बस में बैठा रहे थे, तो एक दारोगा ने इस कार्यकर्ता को गोद में उठा लिया और बस तक ले गए। बस में पहले से मौजूद दूसरे पुलिसकर्मी ने उन्हें कैच कर लिया।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि दारोगा जी कार्यकर्ता को बच्चे की तरह गोद में उठाकर ले जा रहे हैं। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

पुलिस की इस कार्रवाई पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग इसे पुलिस की मानवीय कार्यशैली बता रहे हैं, तो कुछ इसे चर्चा का विषय बना रहे हैं।

गर्मा गई सियासत

इधर इस प्रदर्शन को लेकर सियासत भी गरमा गई है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दिल्ली में इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन का यह कार्यक्रम लोकतंत्र और संविधान का मजाक है। जनता ने नरेंद्र मोदी को जनादेश दिया है, लेकिन राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन को यह बर्दाश्त नहीं हो रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *