बागपत में बड़ी कार्रवाई: कॉलेज में बवाल के बाद चौकी प्रभारी समेत 14 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

Share This

 

बागपत। जिले में लापरवाह पुलिसिंग पर एसपी सख्त हो गए हैं। दो गांवों के बीच लगातार हो रहे झगड़े को हल्के में लेना अग्रवाल मंडी टटीरी चौकी के पूरे स्टाफ को महंगा पड़ गया। एसपी पूर्णेंदु सिंह ने चौकी प्रभारी सीमा सिंह समेत 14 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।

ये है मामला 

दरअसल, अहमदशाहपुर पदड़ा में सोमवार को रामलीला के दौरान पदड़ा और निबाली गांव के लड़कों में कहासुनी हो गई थी। मंगलवार को फिर विवाद हुआ। आरोप है कि चौकी पुलिस ने न तो कोई रिपोर्ट लिखी, न ही बड़े अफसरों को बताया। इसी लापरवाही का नतीजा रहा कि बुधवार को शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज में पेपर देने पहुंचे छात्रों पर दूसरे पक्ष ने हमला कर दिया। कॉलेज के अंदर ही दो पक्ष भिड़ गए और पुलिस टीम पर भी पत्थर फेंके गए।

एसपी ने सौंपी जांच

बवाल के बाद एसपी ने सीओ सुकन्या शर्मा को जांच सौंपी। रिपोर्ट में साफ हुआ कि अगर पहले दिन ही सख्ती दिखा दी जाती तो तीसरे दिन कॉलेज में हंगामा ही नहीं होता।

इसी रिपोर्ट के आधार पर एक्शन हुआ। चौकी प्रभारी सीमा सिंह, दरोगा आलोक कुमार के अलावा 12 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल लाइन हाजिर किए गए हैं। सबके खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी गई है।

जांच में चेन लूट का मामला भी दबाने की बात सामने आई। बुधवार शाम ही टटीरी में एक व्यापारी की बहू के गले से सोने की चेन छीन ली गई थी, जिसकी जानकारी भी चौकी ने छुपा ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *