मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक की लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती थी। गैपुरा चौराहे के पास सुबह करीब 5:15 बजे पीछे से आ रहे आलू से लदे ट्रक ने गैपुरा चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र द्विवेदी की निजी कार को जोरदार टक्कर मार दी। उस समय कार में उनके साथ सिपाही विपिन कुमार भी मौजूद थे और दोनों मिर्जापुर की ओर जा रहे थे।
कई मीटर घिसटती गई कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगने के बाद कार कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और ट्रैफिक टीम ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी शुरू कर दी। भाग रहे ट्रक को नटवा तिराहे के पास रोक लिया गया और चालक को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस का कहना है कि चालक तेज गति से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
ये पुलिसकर्मी घायल
हादसे में चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र द्विवेदी और सिपाही विपिन कुमार को मामूली चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि दोनों सुरक्षित हैं और किसी गंभीर नुकसान से बच गए। हालांकि टक्कर के कारण उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चौकी प्रभारी ने बताया कि यह कार उन्होंने करीब सात महीने पहले ही खरीदी थी।
फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। चालक से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।