शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोप में सिपाही गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

Share This

वाराणसी/गाजीपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात सिपाही प्रशांत राय को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया।

ये था मामला

जानकारी के अनुसार, आरोपी सिपाही वर्तमान में गाजीपुर में तैनात है और मूल रूप से मिर्जापुर का रहने वाला है। मामला वाराणसी के चोलापुर थाने का है, जहां एक युवती ने उसके खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। युवती का कहना है कि उसकी जान-पहचान आरोपी से करीब चार साल पहले हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच संबंध बने और वह लंबे समय तक उसके साथ सारनाथ क्षेत्र में किराए के मकान में भी रही।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण किया और इस दौरान दो बार गर्भपात भी कराया गया। बाद में जब उसने शादी को लेकर दबाव बनाया तो आरोपी ने दूरी बनानी शुरू कर दी। कुछ समय बाद पता चला कि सिपाही ने 25 अप्रैल को प्रयागराज में दूसरी युवती से शादी कर ली है।

वायरल तस्वीरों से हुआ खुलासा

इस बात की पुष्टि सोशल मीडिया पर वायरल शादी की तस्वीरों से हुई। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी से संपर्क किया तो उसके साथ गाली-गलौज की गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए सिपाही को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *