कानपुर। हरियाणा के जनपद नूह में हुई दुखद सड़क दुर्घटना में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के लिए पुलिस लाइन उरई में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र, पुलिस अधीक्षक जालौन, अपर पुलिस अधीक्षक जालौन, जनप्रतिनिधियों और पुलिस लाइन उरई के सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया।
ऐसे हुआ हादसा
पुलिस टीम कोतवाली उरई में दर्ज अपहरण मामले में अपहृत व्यक्ति की बरामदगी के लिए हरियाणा रवाना हुई थी। आरोपियों की तलाश के दौरान टीम मंगलवार सुबह तावड़ू सदर थाना क्षेत्र में पहुंची थी, तभी उनकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे वाहन से टकरा गई। यह हादसा ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान हुआ। दुर्घटना में उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, आरक्षी अशोक कुमार और आरक्षी प्रदीप कुमार (सर्विलांस सेल) की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही, मुकदमे के वादी अमरीक सिंह निवासी संगरूर (पंजाब) भी दुर्घटना में मृत हो गए।
आज दी गई श्रद्धांजलि
पुलिस लाइन उरई में शहीद अधिकारियों के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर शोक सलामी दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों और साथी पुलिसकर्मियों ने कंधा देकर नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी और राजकीय सम्मान के साथ उनके गृह जनपद के लिए रवाना किया।
पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन ने शहीद अधिकारियों के परिजनों को पुलिस परिवार की ओर से गहरी शोक संवेदनाएं प्रकट की और सभी प्रकार की विभागीय सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण किया। इस दुखद घटना से पुलिस विभाग और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। शहीद अधिकारियों की वीरता और समर्पण हमेशा याद रखी जाएगी।