सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ मनाएं होली, डीजीपी राजीव कृष्ण का प्रदेशवासियों से आग्रह

Share This

होली के रंगों के बीच शांति, सौहार्द और सुरक्षा का संदेश देते हुए उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे में इसे जिम्मेदारी और आपसी सम्मान के साथ मनाना बेहद जरूरी है। डीजीपी ने भरोसा दिलाया कि पूरे प्रदेश में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि हर नागरिक सुरक्षित माहौल में त्योहार का आनंद ले सके।

डीजीपी ने कहा ये

होली के अवसर पर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि होली का पर्व समाज में प्रेम, भाईचारे और समरसता का संदेश देता है। इसे उल्लास के साथ-साथ संयम और जिम्मेदारी के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है।

डीजीपी ने बताया कि प्रदेशभर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार गश्त की जा रही है और स्थानीय अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

नागरिकों से की अपील

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि प्राकृतिक और सुरक्षित रंगों का ही उपयोग करें तथा किसी की इच्छा के विरुद्ध जबरन रंग न लगाएं। इसके साथ ही ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की भी सलाह दी गई है। शराब पीकर वाहन चलाने या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

राजीव कृष्ण ने कहा कि त्योहार की असली खुशी तभी बनी रहती है जब सभी लोग मिलकर शांति और सद्भाव का वातावरण बनाए रखें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से ही होली का पर्व सुरक्षित और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *