मथुरा के एक गांव में रविवार तड़के पुलिस की बड़ी कार्रवाई ने सबको चौंका दिया। साइबर ठगी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सैकड़ों पुलिसकर्मी एक साथ गांव में उतरे और संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी की।
ये है मामला
शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव विशम्बरा में सुबह-सुबह उस वक्त हलचल मच गई, जब भारी पुलिस बल ने पूरे इलाके को घेर लिया। करीब 200 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की टीम ने एक साथ कई घरों में तलाशी अभियान शुरू किया। कार्रवाई इतनी गोपनीय तरीके से की गई थी कि ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह ऑपरेशन साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए चलाया गया। हाल ही में गोवर्धन क्षेत्र में भी इसी तरह की कार्रवाई की गई थी, जिसके बाद अब शेरगढ़ इलाके को निशाने पर लिया गया।
दबिश के दौरान कुछ लोग पुलिस को देखकर फरार हो गए, जबकि 12 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। टीमों ने घर-घर तलाशी लेते हुए बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं।
जांच में सामने आया ये
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट के बहाने, लॉटरी का झांसा और अन्य ऑनलाइन तरीकों से लोगों से ठगी कर रहा था। बरामद डिवाइसों की तकनीकी जांच के जरिए गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि अभियान अभी जारी है और जरूरत पड़ी तो अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई की जाएगी। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की परतें खोलने की तैयारी है।