बोर्ड परीक्षाओं का दौर शुरू होते ही छात्रों पर पढ़ाई का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे समय में शांत माहौल उनकी तैयारी के लिए बेहद जरूरी होता है, लेकिन कई जगह तेज आवाज, डीजे, लाउडस्पीकर या अन्य शोरगुल पढ़ाई में बाधा बन जाते हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने भी लोगों से सहयोग की अपील की है ताकि छात्रों को बेहतर वातावरण मिल सके।
ये है मामला
प्रदेश में इस समय उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। परीक्षा के इस अहम दौर में छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि परीक्षा अवधि के दौरान अनावश्यक शोरगुल से बचें। खासकर डीजे, तेज म्यूजिक, लाउडस्पीकर या टीवी की ऊंची आवाज छात्रों की एकाग्रता में बाधा डाल सकती है। पुलिस का कहना है कि यदि कहीं ज्यादा शोर के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही हो तो तत्काल आपात सेवा 112 पर कॉल करके मदद ली जा सकती है।
इसलिए की गई अपील
पुलिस का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि बात समझाकर देकर शांत माहौल सुनिश्चित करना है ताकि परीक्षार्थियों को बेहतर वातावरण मिल सके। कई स्थानों पर पुलिस टीम लोगों को जागरूक भी कर रही है और शोर कम रखने की अपील कर रही है।
अभिभावकों और स्थानीय निवासियों से भी अपेक्षा की जा रही है कि वे इस समय छात्रों का सहयोग करें। थोड़ा सा ध्यान और जिम्मेदारी हजारों बच्चों के भविष्य को बेहतर बना सकती है। शांत माहौल न सिर्फ पढ़ाई में मदद करता है, बल्कि छात्रों के आत्मविश्वास और प्रदर्शन पर भी सकारात्मक असर डालता है।