संभल: एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई का बड़ा एक्शन, एसओजी टीम को किया सस्पेंड

Share This

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार बिश्नोई ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की पूरी टीम को सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई एक गंभीर मामले के बाद की गई, जिसमें एसओजी टीम पर एक कबाड़ी से 30 हजार रुपये वसूलने और उसके कबाड़ को जब्त करने का आरोप था।

ये है मामला

यह मामला 2 फरवरी को हुआ, जब मुरादाबाद के बिलारी निवासी कबाड़ी जफरूद्दीन और उनके बेटे आस मोहम्मद अपने कबाड़ के साथ संभल के लाडम सराय की ओर जा रहे थे। तभी एसओजी टीम ने उनकी बाइक रोककर उन्हें पुलिस चौकी ले जाकर 30 हजार रुपये की घूस ली और उन्हें छोड़ दिया।

शिकायत के बाद मामले की जांच की गई, और आरोप सही पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि एसओजी टीम ने कबाड़ी से धातु लौटाने के नाम पर और 40 हजार रुपये की मांग की थी। इस पर कबाड़ी पिता-पुत्र ने एसपी कृष्ण बिश्नोई से शिकायत की, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने एसओजी प्रभारी एसआई मोहित चौधरी और अन्य सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।

इनपर हुई कार्रवाई

सस्पेंड किए गए पुलिसकर्मियों में एसओजी प्रभारी मोहित चौधरी, हेड कांस्टेबल कुलवंत, अरशद, कांस्टेबल अजनबी, आयुष, विवेक, बृजेश और हिरेश शामिल हैं। यह कदम एसपी ने पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और सख्ती बनाए रखने के लिए उठाया है। इसके अलावा, एसपी ने यह भी कहा कि इस तरह के मामलों में पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि आम नागरिकों के साथ कोई अन्याय न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *