उन्नाव। दही थाना क्षेत्र के सराय कटियन गांव में मंगलवार शाम अचानक लापता हुए पांच नाबालिग बच्चों को दही थाना पुलिस ने महज कुछ घंटों में सकुशल ढूंढ निकाला। बच्चों के सुरक्षित लौटने से परिवार में खुशी का माहौल बन गया और पुलिस की तेजी भरी कार्रवाई की खूब सराहना हुई।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार आदर्श रावत (14), अरुण रावत (12), अमर रावत (12), अंशु रावत (13) और अनिकेत रावत (12) बिना किसी जानकारी के घर से बाहर निकल गए थे। बच्चे दरअसल दिल्ली जाने की योजना बना रहे थे, लेकिन रास्ता और समय का सही अंदाजा न होने के कारण वे वापस नहीं लौट पाए।
परिजनों की सूचना के बाद दही थाना पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। पुलिस ने बच्चों के हुलिये और संभावित मार्गों की जानकारी लेकर गांव और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। ग्रामीणों से पूछताछ की गई और गांव की गलियों, दुकानों और सुनसान स्थानों पर लगातार खोजबीन की गई।
कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस को सफलता मिली और सभी पांच बच्चे गांव में एक सुरक्षित स्थान पर पाए गए। बच्चों को तुरंत थाना लाया गया और परिजनों को उनकी सुरक्षा की जानकारी दी गई। परिवार के लोग बच्चों को सुरक्षित देखकर भावुक हो उठे और पुलिस टीम की तत्परता के लिए धन्यवाद किया।
अभिभावकों से की अपील
थाना दही पुलिस ने बच्चों को भविष्य में बिना बताए घर से बाहर न जाने की समझाइश दी और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें। इस कार्रवाई ने न केवल बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की बल्कि माता-पिता के चेहरे पर मुस्कान भी लौटाई। दही थाना की यह तेज़ और जिम्मेदार कार्रवाई गांव में एक उदाहरण के रूप में देखी जा रही है।