पुलिस पर फायरिंग करने वाला कुंडल झपटमार मुठभेड़ में घायल, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Share This

 

बरेली के कोतवाली क्षेत्र में महिला से कुंडल झपटने की घटना में शामिल बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग तक कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ऐसे हुई मुठभेड़ 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश की पहचान कैंट थाना क्षेत्र के बालाजी धाम गौशाला वाली गली निवासी दिव्यांश वर्मा उर्फ अंकित के रूप में हुई है। आरोपी ने 19 जनवरी को अयूब खां चौराहे पर स्कूटी से जा रही महिला के कान से कुंडल झपट लिया था और मौके से फरार हो गया था। इस वारदात के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

सोमवार को कोतवाली थाना पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चौपुला चौराहे के पास संदिग्ध हालत में घूम रहा है। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागते हुए रेलवे कॉलोनी की ओर घुस गया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने संयम बरतते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी और वह मौके पर गिर पड़ा।

ये सामान बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा 315 बोर का कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा महिला से छीना गया एक कुंडल, दूसरा कुंडल बेचकर प्राप्त किए गए 5,570 रुपये, वारदात में प्रयुक्त बाइक और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

फिलहाल घायल बदमाश का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *